महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार होंगे। इस बात की घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कल नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद की।
जेपी नड्डा ने कहा कि यह निर्णय एनडीए के सभी सहयोगियों की सहमति से लिया गया है। उन्होंने बताया कि भाजपा सभी राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित करने का प्रयास कर रही है ताकि उपराष्ट्रपति का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हो सके। इसके लिए एनडीए ने पिछले एक सप्ताह में विपक्षी दलों और अपने घटक दलों से व्यापक संपर्क किया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा संसदीय बोर्ड के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।
बताया गया है कि उपराष्ट्रपति पद का चुनाव आगामी 9 सितंबर को आयोजित होगा। यह चुनाव जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के कारण जरूरी हो गया है।
