कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की 'मतदाता अधिकार यात्रा' आज बिहार में दूसरे दिन भी जारी रही। यात्रा के तहत वे औरंगाबाद जिले के देव पहुंचे, जहाँ उन्होंने विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की।
यह यात्रा बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विरोध में निकाली जा रही है, जिसे कांग्रेस ने जनविरोधी और भेदभावपूर्ण बताया है। 16 दिवसीय यह यात्रा राज्य के 20 से अधिक जिलों से होते हुए 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में समाप्त होगी।
आज सुबह राहुल गांधी ने औरंगाबाद के अंबा, कुटुम्बा, पातालगंगा और आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद थे।
राहुल गांधी आज गया जिले के गुरारू, बगडीहा, दाउदनगर और पंचानपुर क्षेत्रों का दौरा करते हुए शाम को गया के खालिश पार्क में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
यह यात्रा विपक्षी दलों की एकजुटता और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण का प्रयास मानी जा रही है।
