शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा के मामले में सरकार की नीति 'शून्य सहनशीलता' की है। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री चौधरी ने बताया कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और स्कूल बोर्डों को समय-समय पर सुरक्षा से संबंधित दिशानिर्देश जारी किए जाते हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने एक पत्र जारी कर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा है।
मंत्री ने कहा कि छात्रों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और सहयोगी वातावरण सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है, और इसके लिए निरंतर निगरानी और मार्गदर्शन जारी रहेगा।
