नकली खाद-बीज, कीटनाशक बेचने वालों पर कार्रवाई के निर्देश | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

नकली खाद-बीज, कीटनाशक बेचने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

Date : 18-Aug-2025

नई दिल्ली, 18 अगस्त। नकली खाद-बीज और कीटनाशकों की बिक्री के मामले में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा रूख अपनाया है। उन्होंने सोमवार को कृषि भवन में विभागीय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में नकली खाद-बीज व कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने कहा कि गड़बड़ी मिलने पर फैक्ट्रियां व दुकानें सील की जाएं।

शिवराज सिंह ने कहा कि किसानों की फसलें खराब होने को सभी अधिकारी अत्यंत गंभीरता से अधिकारी लें, ताकि किसानों को नुकसान से बचाया जा सकें। उन्होंने व्यापक पैमाने पर छापेमारी और खेतों में जाकर जांच करने के निर्देश भी दिए हैं। बैठक में शिवराज सिंह ने कहा कि नकली खाद-बीज और कीटनाशकों के कारण कोई एक नहीं, बल्कि विभिन्न जिलों में सैकड़ों किसान परेशान हो रहे हैं। कई जगह से ऐसी शिकायतें आती हैं, किसान बोलते हैं कि खेत में दवाई डाल रहे हैं पर इसका असर नहीं हो रहा है।

शिवराज सिंह ने कहा, ''मैं बहुत चिंतित हूं। इन किसानों की पीड़ा को गंभीरता से समझा जाना चाहिए। मैंने कल खुद किसान के खेत में जाकर देखा, एक दवाई किसान ने डाली, जिसके कारण सोयाबीन की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई। कल जब मैंने खेत में देखा तो सैकड़ों किसान वहां मौजूद थे।''

उन्होंने कहा कि ऐसे घटिया या नकली दवाई और खाद-बीज बेचने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाना चाहिए। उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएं। केंद्रीय मंत्री ने कृषि अधिकारियों से इस संबंध में अब-तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए कहा कि नकली खाद-बीज और कीटनाशक किसानों के लिए अभिशाप है।

उन्होंने निर्देश दिए कि कृषि विभाग का अमला राज्य सरकारों के साथ किसानों के खेतों में जाकर जांच करे और अभियान चलाकर व्यापक पैमाने पर आकस्मिक छापेमारी कर कड़ी कार्रवाई करें। सैंपल लिए जाएं व फेल होने पर कार्रवाई करें। शिवराज सिंह ने कहा कि जो कंपनी या निर्माता गड़बड़ियां कर रहे हैं, उनके खिलाफ हम सख्त कार्रवाई करेंगे तो गड़बड़ करने वाले लोगों में भय पैदा होगा और किसानों को राहत मिलेगी। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि गड़बड़ी मिलने पर फैक्ट्रियां व दुकानें सील की जाएं।

शिवराज सिंह ने कहा कि अगर कहीं कुछ गलत हो रहा हो तो किसानों के हित में कड़ी कार्रवाई करना हमारा धर्म है। अगर कहीं गलत हो रहा है तो नहीं होने दें, यह हमारी ड्यूटी है, जिसका पालन हमें करना है। शिवराज सिंह ने इस संबंध में किसानों की शिकायतों को भी सुनने के साथ उनका पूरा समाधान जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए, साथ ही कहा कि प्राप्त शिकायतों की वे स्वयं नियमित समीक्षा करेंगे।

शिवराज सिंह ने एक अन्य विषय में पॉली हाउस, ग्रीन हाउस, मैकेनाइजेशन के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी सहायता का कृषि विभाग की टीमों के द्वारा सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह चेक किया जाना चाहिए कि पॉली हाउस, ग्रीन हाउस, मैकेनाइजेशन के लिए केंद्र से दी जा रही सब्सिडी का लाभ किसानों को वास्तविक रूप से कितना मिल रहा है। केंद्र से सब्सिडी की योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। शिवराज सिंह ने कहा कि हमारी योजनाओं का सही उपयोग हो, यह समय-समय पर सत्यापन करना चाहिए।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement