राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने आज संसद भवन में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, और कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एनडीए के सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद थे, जिनमें लोजपा (रामविलास) के चिराग पासवान, जेडी (यू) के राजीव रंजन सिंह और एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल शामिल थे।
नामांकन से पहले, सीपी राधाकृष्णन ने संसद भवन परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर जाकर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने सर्वप्रथम महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने नमन किया और इसके बाद अन्य स्वतंत्रता सेनानियों व राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति चुनाव आगामी 9 सितंबर को आयोजित होगा।
