कांग्रेस समेत विपक्षी नेताओं ने जयंती पर राजीव गांधी को किया याद | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कांग्रेस समेत विपक्षी नेताओं ने जयंती पर राजीव गांधी को किया याद

Date : 20-Aug-2025

नई दिल्ली, 20 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर उन्हें देशभर में याद किया जा रहा है। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजीव गांधी को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए याद किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कई क्रांतिकारी पहल कीं। उन्होंने मतदान की आयु घटाकर 18 वर्ष की, पंचायती राज को मजबूत किया, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार क्रांति की नींव रखी तथा समावेशी शिक्षा और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने वाली नीतियां लागू कीं।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उन्हें आधुनिक भारत की दिशा तय करने वाला नेता बताया और कहा कि उन्होंने युवाओं को सशक्त बनाकर देश के विकास में भागीदार बनाया। वेणुगोपाल ने टेलीकॉम क्रांति, विवादों को सुलझाने की उनकी क्षमता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में गिना।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राजीव गांधी को तकनीकी भारत का शिल्पकार और संचार क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीण प्रतिभाओं को नेतृत्व, शिक्षा और संचार के माध्यम से उभारा।

राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शिता और प्रगतिशील सोच ने भारत को आधुनिक दृष्टिकोण दिया और लोकतंत्र में आस्था के साथ युवाओं को राष्ट्रनिर्माण में सहभागी बनाया।

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त भारत की नींव रखने वाला दूरदर्शी नेता बताया।

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी दूरदर्शिता और तकनीक प्रेम का लाभ आज देश को मिल रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि वे भारतीय राजनीति में ताज़ी हवा की तरह आए और कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।

सांसद रणदीप सुरजेवाला ने उन्हें कंप्यूटर युग में भारत को प्रवेश दिलाने वाला सबसे युवा प्रधानमंत्री बताया और शत-शत नमन किया।

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि राजीव गांधी के लिए राष्ट्र की एकता और अखंडता सर्वोपरि थी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement