उत्तराखंड: काशीपुर में मंदिर भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई मजार ध्वस्त | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

उत्तराखंड: काशीपुर में मंदिर भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई मजार ध्वस्त

Date : 12-Sep-2025

राज्य की धामी सरकार की ओर से अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर लगातार अभियान जारी है। प्रशासन ने शुक्रवार तड़के जनपद उधमसिंहनगर के काशीपुर तहसील के भूमि अभिलेखों में दर्ज मंदिर वाले स्थान पर कब्जा कर अवैध रूप से बनाई गई मजार को ध्वस्त कर दिया। अब तक राज्य में 553 अवैध मजार संरचनाओं को ध्वस्त किया गया है।

जनपद के काशीपुर तहसील क्षेत्र में ग्राम कचनाल गुसाईं में बनी अवैध मजार के संचालक को 27 अगस्त को प्रशासन ने एक शिकायत के आधार पर नोटिस जारी कर भूमि और निर्माण संबंधी दस्तावेज दिखाने के लिए 15 दिन का समय दिया था। अवधि पूर्ण होने के बावजूद संचालक ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। प्रशासन ने कई बार मौके पर फोर्स के साथ जाकर स्थिति का जायजा भी लिया। इस दौरान कोई भी इस बारे में चर्चा करने के लिए नहीं मिला।

काशीपुर में स्थानीय और वरिष्ठ लोगों की शिकायत थी कि पहले यहां ग्राम देवता का मंदिर हुआ करता था जिसमें किसी ने बाद में अवैध मजार का रूप दे दिया।

मेयर दीपक बाली ने भी इस विषय का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन से वार्ता की थी और जनभावनाओं से अवगत कराया था। आज प्रशासन ने उक्त धार्मिक संरचना को एसडीएम अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने बुल्डोजर के साथ की गई इस कारवाई के बाद उक्त मलबा सम्मान पूर्वक हटा दिया।

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि अवैध रूप से निर्मित उक्त संरचना को विधि सम्मत रूप से हटा दिया गया है इसमें किसी की ओर से विरासत सामने नहीं आया।

उल्लेखनीय है कि धामी सरकार का अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी है। आज ध्वस्त की गई संरचना मंदिर भूमि पर अवैध रूप से बनाई हुई थी जिसका ब्यौरा राजस्व अभिलेखों में भी दर्ज रहा है।

उत्तराखंड में अभी तक ऐसी 553 अवैध संरचनाओं को ध्वस्त किया जा चुका है। साथ ही करीब 9 हजार एकड़ सरकारी भूमि भी अवैध कब्जेदारों से मुक्त कराई गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement