बिहार के बोधगया में स्थित बोधगया कन्वेंशन सेंटर में आज से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (NSSH) से जुड़े लाभार्थियों के लिए मेगा कॉन्क्लेव का आयोजन शुरू हो गया है। यह आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है।
इस मेगा कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी और राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने संयुक्त रूप से किया।
कॉन्क्लेव में देशभर से आए 2000 से अधिक लाभार्थी, जिनमें कारीगर, शिल्पकार और उद्यमी शामिल हैं, भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में उनके उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए दो दिनों तक 100 स्टॉल लगाए गए हैं।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण:
-
मार्केटिंग, ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर तकनीकी सत्र
-
उत्पादों की डेमो और बिक्री-सह-प्रदर्शनी
-
योजनाओं की जानकारी और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने के सत्र
बिहार में योजना की प्रगति:
-
अब तक 1.62 लाख लाभार्थियों ने तीन चरणों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया है।
-
1 लाख से अधिक लाभार्थियों को बेसिक स्किल ट्रेनिंग दी गई है।
-
लगभग 19,000 विश्वकर्माओं को 161.3 करोड़ रुपये के रियायती ऋण वितरित किए जा चुके हैं।
-
29,000 से अधिक लाभार्थियों को आधुनिक टूलकिट भारतीय डाक के माध्यम से उनके घरों पर भेजे गए हैं।
यह कॉन्क्लेव प्रधानमंत्री के स्थानीय कारीगरों और पारंपरिक शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के विज़न को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
