बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पटना पहुंचे हैं। उनका यह एक दिवसीय दौरा पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें वे रोहतास और बेगूसराय के 20 जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
श्री शाह कल शाम पटना पहुँचे और आज सुबह रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में शाहाबाद और मगध क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में रोहतास, कैमूर, आरा, बक्सर, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य एनडीए की आगामी विधानसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतियाँ बनाना है।
दोपहर में अमित शाह बेगूसराय में एक और महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे।
इन बैठकों के जरिए भाजपा आगामी चुनावों के लिए विस्तार से तैयारी कर अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
