केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने देश भर के हवाई अड्डों पर यात्री सेवा दिवस अभियान की शुरुआत की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस पहल को यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव और विश्व स्तरीय सेवाएं प्रदान करने के सरकार के निरंतर प्रयास के रूप में बताया।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित हिंडन हवाई अड्डे पर आयोजित उद्घाटन समारोह में श्री नायडू ने कहा कि यह पहल मंत्रालय के विकास का उत्सव है और साथ ही हर यात्रा को निर्बाध एवं सम्मानजनक बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विमानन क्षेत्र को हर यात्री को प्राथमिकता देने वाला क्षेत्र बताया और इसे सेवा के अवसर के रूप में देखा।
मंत्री ने बताया कि क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के तहत देश में हवाई यात्रा अधिक सुलभ, आसान और किफायती हुई है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही देश के सभी हवाई अड्डे वाई-फाई से लैस हो जाएंगे। इस अवसर पर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत हवाई अड्डों पर निःशुल्क चिकित्सा जाँच और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी चलाए गए।
