केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री कार्यालय से बाढ़ प्रभावित पंजाब के पुनर्वास और पुनर्निर्माण में केंद्र सरकार की तरफ से पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया है। सीमावर्ती पठानकोट जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद मीडिया से बात करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि पुनर्निर्माण के लिए धनराशि की कोई सीमा नहीं होगी और जो भी नुकसान हुआ है, उसकी पूरी और प्रभावी भरपाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रभावित इलाकों का पुनर्निर्माण इस तरह से किया जाएगा कि वे भविष्य में ऐसी किसी भी प्राकृतिक आपदा का सामना करने में सक्षम हों।
डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन क्षतिग्रस्त मकानों को उनके मूल स्थान पर पुनः बनाने के प्रयास में लगा हुआ है, लेकिन यदि जरूरत पड़ी तो प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वैकल्पिक भूमि भी आवंटित की जाएगी।
