राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का सबसे बड़ा गृह सम्पर्क अभियान शुरू करेगा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का सबसे बड़ा गृह सम्पर्क अभियान शुरू करेगा

Date : 19-Sep-2025

लखनऊ, 18 सितम्बर। आगामी विजयादशमी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और 02 अक्टूबर से संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम का शुभारम्भ होगा। शताब्दी वर्ष के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का सबसे बड़ा गृह सम्पर्क अभियान शुरू करेगा। 20 नवम्बर से 21 दिसम्बर के बीच संघ कार्यकर्ता देश के छह लाख गांवों के 20 करोड़ परिवारों में सम्पर्क करेंगे। संपर्क अभियान के तहत करीब 20 लाख कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। अकेले उत्तर प्रदेश में संघ के स्वयंसेवक ढाई करोड़ से अधिक घरों में सम्पर्क करेंगे। संपर्क के दौरान प्रत्येक घर में भारत माता का चित्र, पत्रक और संघ साहित्य वितरित किया जाएगा।

मण्डल व बस्ती स्तर पर निकाले जायेंगे पथ संचलन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष ने बताया कि शताब्दी वर्ष का पहला कार्यक्रम विजयादशमी का है। मण्डल व बस्ती स्तर पर आयोजित विजयादशमी उत्सव के कार्यक्रम में सभी स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल होंगे। इसके अलावा 02 से 12 अक्टूबर के मध्य महानगरों में बस्ती स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्रों में मण्डल स्तर पर पथ संचलन होगा। इसके अलावा जनवरी 2026 में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ग्रामीण क्षेत्रों में मंडल और शहरी क्षेत्रों में बस्ती स्तर पर हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा।

शताब्दी वर्ष में घर-घर जायेंगे स्वयंसेवक

वृहद गृह संपर्क अभियान के तहत हर गांव, हर बस्ती के अधिकतम घरों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो ब्रज प्रान्त में 45 लाख और मेरठ प्रान्त में 46 लाख घरों में सम्पर्क किया जायेगा। इसी प्रकार पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रान्तों की बात करें तो अवध प्रान्त, कानपुर प्रान्त, काशी प्रान्त और गोरक्ष प्रान्त ने 40 लाख घरों में संपर्क किया जायेगा। काशी प्रान्त के प्रचार प्रमुख डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि काशी प्रान्त के 15 हजार गांवों के 40 लाख परिवारों में संपर्क किया जायेगा। अवध प्रान्त के प्रचार प्रमुख डॉ. अशोक दुबे ने बताया कि अवध प्रान्त ने 40 लाख घरों में सम्पर्क की योजना बनाई है।

इस महासम्पर्क अभियान में 80 हजार कार्यकर्ता 20 हजार टोलियों द्वारा एक माह तक अनवरत गृह सम्पर्क के माध्यम से समाज में संघ के विचार, कार्य और उद्देश्य को व्यक्तिगत संवाद द्वारा पहुंचायेंगे। अवध प्रान्त में 65 लाख पुस्तकें छप रही हैं और भारत माता का चित्र बनवाया जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement