प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 'समुद्र से समृद्धि' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और भावनगर में 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
आकाशवाणी संवाददाता के अनुसार, आज शुरू की जाने वाली परियोजनाएँ समुद्री क्षेत्र, एलएनजी अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा, राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य सेवा और शहरी परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों को कवर करेंगी।
प्रमुख परियोजनाओं में मुंबई के इंदिरा डॉक पर अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन शामिल है, जिसकी लागत अकेले समुद्री क्षेत्र की परियोजनाओं में 7,800 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा कोलकाता और पारादीप के प्रमुख बंदरगाहों पर नई कंटेनर सुविधाएं और दीनदयाल बंदरगाह पर ग्रीन बायो-मेथनॉल संयंत्र भी शुरू किया जाएगा, जो कार्गो आवाजाही और व्यापार को बढ़ावा देगा।
गुजरात में 26,300 करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं आरंभ की जाएंगी, जिनमें छारा बंदरगाह पर एलएनजी टर्मिनल, भावनगर और जामनगर के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवा का विस्तार, और 70 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का चार लेन में विकास शामिल है।
स्वच्छ ऊर्जा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के तहत प्रधानमंत्री कच्छ में पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित धोरडो गांव को वर्चुअल माध्यम से समर्पित करेंगे।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा करेंगे और उसकी प्रगति का जायजा लेंगे। वे विशाल धोलेरा औद्योगिक शहर का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे।
इन पहलों से गुजरात में आर्थिक विकास को गति मिलने और नए रोजगार अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
