राहुल गांधी ने वायनाड में दोहराया वोट चोरी का आरोप, जल्द खुलासे का दावा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राहुल गांधी ने वायनाड में दोहराया वोट चोरी का आरोप, जल्द खुलासे का दावा

Date : 20-Sep-2025

वायनाड, 20 सितंबर । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि उनके पास वोट चोरी के सबूत हैं, जिन्हें वे जल्द सार्वजनिक करेंगे।

राहुल गांधी आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ वायनाड में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी की स्मृति में बने सभागार के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने कहा कि पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने वोटर लिस्ट में धांधली के उदाहरण पेश किए थे, जिनमें महादेवपुरा और आलंद मे वोट जोड़ने और काटे जाने की बात थी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आलंद विधानसभा क्षेत्र में 6 हजार वोटरों के नाम गलत तरीके से काटने की कोशिश का मामला सीआईडी जांच के दायरे में है, जो सीईसी की भूमिका पर सवाल उठाता है।

उन्होंने कहा कि ओमान चांडी सत्ता में रहते हुए भी जनता से जुड़े और विनम्र रहे, जबकि आज कई राष्ट्रीय नेता सत्ता हासिल करते घमंड में आ जाते हैं।उन्होंने केरल की लोकतांत्रिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पंचायतें यहां की राजनीति की नींव हैं और यह देश के लिए आदर्श उदाहरण है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि वायनाड मे बाढ़ और कटाव जैसी समस्याओं के कारण क्षेत्र अलग-थलग पड़ जाता है। कांग्रेस कार्यकर्ता यहां आश्रय स्थल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आदिवासी समुदायों के सामने स्वास्थ्य, संपर्क और शिक्षा की चुनौतियों का जिक्र किया, साथ ही धान और कॉफी किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement