राजस्थान की जयपुर सेंट्रल जेल से दो चोर कैदी फरार, पानी के पाइप से कूदी 27 फीट दीवार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राजस्थान की जयपुर सेंट्रल जेल से दो चोर कैदी फरार, पानी के पाइप से कूदी 27 फीट दीवार

Date : 20-Sep-2025

राजस्थान की राजधानी जयपुर की हाई-सिक्योरिटी सेंट्रल जेल से शनिवार अल सुबह साढ़े तीन बजे दो कैदियों के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोनों ने बाथरूम की खिड़की से लोहे की सलाखें हटाकर पानी के रबर पाइप की मदद से 27 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले। सुबह गिनती के दौरान मामले का खुलासा हुआ। जेल अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जेल (एडीजी) रुपिंदर सिंह ने बताया कि जयपुर सेंट्रल जेल से 28 वर्षीय बंदी अनस कुमार और 32 वर्षीय नवलकिशोर महावर फरार हुए हैं। बंदी अनस यूपी के तालावाली बगिया फिरोजाबाद का रहने वाला है और नवल किशोर महावर इब्राहिमपुर थाना नई मंडी हिंडौन सिटी करौली का रहने वाला है। दोनों बंदी जेल के बाथरूम से निकलकर दीवार पर चढ़कर फरार हुए हैं। पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दीवार पर पानी का पाइप लटका हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि पानी के पाइप के सहारे कूद कर फरार हुए हैं। दोनों बंदी इसी सप्ताह जेल में आए थे। बंदी अनस सांगानेर से चोरी के मामले में 15 सितंबर को जेल में पहुंचा था, जबकि बंदी नवल किशोर मालपुरा से चोरी के मामले में 17 सितंबर को जयपुर सेंट्रल जेल पहुंचा था और दोनों ही 13 नंबर बैरक में बंद थे।

पुलिस महानिदेशक जेल ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश

इधर पुलिस महानिदेशक जेल (डीजी) गोविंद गुप्ता ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) जेल विक्रम सिंह को उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। पूरे घटनाक्रम में जिस भी अधिकारी और कर्मचारियों की लापरवाही रही है। उस पर जल्द गाज गिर सकती है। जेल विभाग के आला अधिकारी पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं पुलिस की टीम में दोनों बंदियों की तलाश में जुट गई है। इसके अलावा जयपुर शहर के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर पुलिस की कड़ी नाकाबंदी कर दी गई ।

कैदियों का भाग जाना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें अनस और नवल किशोर के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस घटना के बाद से जेल की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं हाई-सिक्योरिटी वाली जेल से इस तरह कैदियों का भाग जाना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है।

दोनो ही कई मामले में आरोपित है

पुलिस जानकारी में सामने आया कि बंदी अनस चोरी के अलावा घर में घुसपैठ के तीन मामलों में सजा काट रहा था और वहीं नवल किशोर चोरी सात मामलों सहित जेल में रहते हुए अन्य कैदियों के साथ साजिश रचने का भी आरोपित था। दोनों के फरार होने से जेल सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

जेल से भागने की पूरी साजिश पहले से ही रची गई

दोनों कैदियों ने फिल्मी अंदाज में पाइप चुराकर हाईटेंशन तारों से बचते हुए भागने की साजिश रची थी। जेल प्रहरी और बैरिकेड्स को चकमा देकर यह कारनामा अंजाम दिया।

बंदियों की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित

जयपुर पुलिस ने दोनों बंदियों के खिलाफ फरार होने के लिए अलग से मामला दर्ज किया है। इसके अलावा विशेष टीम गठित कर दी गई है, जो कैदियों के संभावित ठिकानों पर नजर रख रही है। पुलिस ने दावा किया है कि वह जल्द ही दोनों कैदियों को गिरफ्तार कर लेंगे। जेल की सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि फरारी में जेल के किसी कर्मचारी की मिलीभगत हो सकती हैं,जैसा कि पिछले मामलों में सामने आया था।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement