स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने जानकारी दी है कि 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान के तहत अब तक देशभर में 2.83 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। यह अभियान 17 सितंबर को शुरू हुआ था और 20 सितंबर तक इसमें लाखों लोगों ने भागीदारी की है।
अभियान के तहत महिलाओं, बच्चों और परिवारों को विस्तृत स्वास्थ्य सेवाएं जैसे स्क्रीनिंग, परामर्श, पोषण जागरूकता और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। मंत्रालय ने बताया कि अब तक 76 लाख से ज़्यादा नागरिकों ने इस पहल के लिए पंजीकरण कराया है।
यह अभियान देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है, और इसका उद्देश्य है महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए परिवारों और समाज को सशक्त बनाना। मंत्रालय ने लोगों की इस उत्साहपूर्ण भागीदारी को सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि यह अभियान नारी सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है।
