अब कोई भी बिहार को पुराने लालटेन युग में नहीं ले जा पाएगा : योगी आदित्यनाथ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अब कोई भी बिहार को पुराने लालटेन युग में नहीं ले जा पाएगा : योगी आदित्यनाथ

Date : 16-Oct-2025

राजद-कांग्रेस पर योगी का निशाना

पटना, 16 अक्टूबर। भाजपा के नेता एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिहार विधानसभा के चुनावी रण में उतर चुके हैं। उन्होंने गुरुवार को दूसरी जनसभा सहरसा में की। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार को आज जब मेट्रो, रेल कनेक्टिविटी, हाईवे, एक्सप्रेस वे, एयरपोर्ट, वाटरवे के रूप में पहचान मिल रही है तो इस पहचान को फिर से धूमिल करने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद)-कांग्रेस ने शिगूफा छोड़ा है कि विकास नहीं, बुर्का चाहिए। इससे यह लोग फर्जी मतदान कराकर गरीबों-दलितों के हकों पर डकैती डाल सकें। चुनाव में यह विकास की बात नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि बिहार अब पुराने लालटेन युग में नहीं जाएगा, नीतीश जी (मुख्यमंत्री नीतीश कुमार) इसे एलईडी की दूधिया लाइट में लेकर आगे बढ़ चुके हैं।

योगी आदित्यनाथ ने यहां नामांकन रैली में सहरसा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार आलोक रंजन झा, सोनबरसा से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार रत्नेश सादा, महिषी से गुंजेश्वर शाह व सिमरी बख्तियारपुर से संजय सिंह (लोजपा) को जिताने की अपील की। योगी ने दोनों विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि फर्जी वोट डलवाएंगे, लेकिन चेहरा नहीं दिखवाएंगे। तीर्थयात्रा में विदेश जाएंगे, एयरपोर्ट पर चेहरा दिखाएंगे, पासपोर्ट पर फोटो भी दिखाएंगे, लेकिन बिहार में वोटिंग पर कहेंगे कि बुर्का को छेड़ो मत, चेहरा दिखाओ मत, फर्जी वोट डलवाने दो। कांग्रेस व राजद फिर से गरीबों के हकों पर डकैती डालने की साजिश कर रहे हैं। इनकी साजिश को सफल नहीं होने देना है, क्योंकि कांग्रेस व राजद ने बिहार के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था।

उप्र मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि यह अपने शासनकाल में भारत को अपमानित करते थे। घुसपैठ कराकर अराजकता फैलाते थे। राजद ने बिहार का नहीं, परिवार का विकास किया। राजग पूरे भारत के लिए सोचता है। 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बिहार में विकास नई आभा के साथ आगे बढ़ रहा है। बाढ़ की समस्या का समाधान बढ़ रहा है। अब गरीबों को योजनाओं का लाभ मिलता है। पहले यह कांग्रेस-राजद व उनके पार्टनर्स में बंट जाता था।

योगी ने कहा कि जब भी अवसर मिला तो महापुरुषों की प्रेरणा से उप्र में हमने नया करने का कार्य किया है। जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि (सिताबदियारा) का जिक्र किया और कहा कि हमने उनका पावन स्मारक बनाया। 2017 में हमारी सरकार आई तो उनकी पत्नी के नाम पर चिकित्सालय का नामकरण किया। प्रयागराज में डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नाम पर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना की। अयोध्या से सीतामढ़ी तक रामजानकी मार्ग के माध्यम से अयोध्या की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने का कार्य उप्र की डबल इंजन की भाजपा सरकार आपके साथ मिलकर रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार के पास समृद्ध विरासत है। लोकतंत्र पर आंच आएगी तो बिहार से कोई जेपी इसे बचाने खड़ा हो जाएगा। बिहार ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद को जन्म दिया, जो देश के प्रथम राष्ट्रपति बने। स्वतंत्र भारत में सोमनाथ मंदिर के पुनरोद्धार की बात हुई। पं. जवाहर लाल नेहरू ने कहा कि नहीं जाना है, लेकिन उन्होंने कहा कि मैं जाऊंगा, क्योंकि भारत के सांस्कृतिक व नई आभा को वैश्विक जगत में प्रस्तुत करना है। कांग्रेस भले ही विरोध करेगी, लेकिन राष्ट्रपति के कारण भारत की आस्था का सम्मान करना मेरा दायित्व है। राजेंद्र प्रसाद सोमनाथ की धरती पर गए। उन्होंने कहा कि भारत की आस्था का सम्मान और विरासत का संरक्षण होगा। विरासत ही विकास की नींव को पुख्ता करेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement