राजस्थान में मई के पहले सप्ताह में मौसम मेहरबान, आंधी-बारिश से गर्मी पर ब्रेक | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राजस्थान में मई के पहले सप्ताह में मौसम मेहरबान, आंधी-बारिश से गर्मी पर ब्रेक

Date : 06-May-2026

 जयपुर, 06 मई । राजस्थान में मई के पहले सप्ताह की शुरुआत भीषण गर्मी की बजाय राहत भरे मौसम के साथ हुई है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला, जिससे तापमान में गिरावट आ गई और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। उदयपुर संभाग सहित दक्षिणी राजस्थान के कई जिलों में दोपहर बाद मौसम बदला, तेज हवाएं चलीं और कई क्षेत्रों में बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। केवल बाड़मेर और एक अन्य शहर को छोड़कर पूरे प्रदेश में गर्मी का असर सामान्य रहा। बाड़मेर सबसे गर्म जिला रहा, जबकि जयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर, उदयपुर और सीकर सहित कई शहरों में पारा सामान्य से नीचे आ गया।

मंगलवार को बाड़मेर, पाली, उदयपुर, राजसमंद, सिरोही, भीलवाड़ा और जालोर के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई।

पाली के सुमेरपुर, बाड़मेर के समदड़ी और जालोर में हुई बारिश ने दिन के तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट ला दी। उदयपुर में फतहसागर झील क्षेत्र सहित कई हिस्सों में शाम को बूंदाबांदी हुई, जिससे लेकसिटी का मौसम सुहावना बना रहा।

राजधानी जयपुर में मंगलवार को दिनभर आसमान साफ रहा, लेकिन हल्की हवाओं के कारण गर्मी अपेक्षाकृत कम महसूस हुई। यहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, कोटा में 36.3 डिग्री और अलवर में 33.6 डिग्री मापा गया।

सीकर में सोमवार रात हुई बारिश के बाद तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट आ गई, हालांकि मौसम विभाग ने यहां फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। जोधपुर में भी सोमवार की बारिश के बाद पारे में गिरावट आई, लेकिन मंगलवार को तेज धूप के कारण गर्मी का असर फिर बढ़ने लगा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 6 और 7 मई को राज्य के सात जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 9 मई तक पूर्वी राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर रहेगा, जिससे भरतपुर संभाग सहित कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल और छिटपुट बारिश हो सकती है।

हालांकि राहत का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं रहेगा। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 9 मई के बाद पश्चिमी राजस्थान में तापमान तेजी से बढ़ेगा और जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी सहित कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन क्षेत्रों में हीटवेव चलने की भी संभावना जताई गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement