मध्य प्रदेश में मौसम के दो सिस्टम एक्टिव, आज 28 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में मौसम के दो सिस्टम एक्टिव, आज 28 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

Date : 06-May-2026

 भोपाल, 06 मई । मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश में एक साथ दो मौसमीय सिस्टम सक्रिय होने के कारण बुधवार को करीब 28 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने ग्वालियर, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में खासतौर पर शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर दिन के दौरान भी आंधी-बारिश हो सकती है।

वहीं, दूसरी ओर कई जिलों में दिन के समय गर्मी का असर बना रहेगा। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, श्योपुर, गुना, शिवपुरी और अशोकनगर में दिन में तेज गर्मी महसूस की जाएगी।

प्रदेश में मंगलवार को लगातार पांचवें दिन भी आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहा। ग्वालियर, छतरपुर, धार, बड़वानी, डिंडौरी और बालाघाट समेत कई जिलों में सुबह से ही मौसम खराब रहा, जबकि रात में भोपाल सहित कई जगहों पर तेज हवाएं चलीं। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री, इंदौर में 37.6 डिग्री, ग्वालियर में 34.7 डिग्री, उज्जैन में 38 डिग्री और जबलपुर में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

खरगोन सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा खंडवा में 41.5 डिग्री और नरसिंहपुर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं नौगांव में सबसे कम 33.5 डिग्री तापमान रहा। सीधी, टीकमगढ़, रीवा, सतना, दतिया, मलाजखंड, उमरिया और गुना में भी तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अभी कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। फिलहाल एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन प्रदेश के मध्य भाग में सक्रिय है, जबकि दूसरा ऊपरी हिस्से में बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी क्षेत्र से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिससे मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। 10 मई के आसपास एक नया सिस्टम भी सक्रिय हो सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement