जौनपुर,05 मई। यूपी के जौनपुर स्थित बरसठी थाना क्षेत्र के गहली गांव में मंगलवार देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कीचड़ फेंकने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में आक्रोश फैल गया बुधवार सुबह प्रतिमा की स्थिति देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।ग्रामीणों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उनका कहना है कि यह घटना सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित करने तथा सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी बात कही गई, जिस पर ग्रामीणों ने सहमति जताई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि प्रशासन की सक्रियता से हालात फिलहाल नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।वही इस मामले में जानकारी लेने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पहुंची है। ग्रामीणों को समझाबुझाकर मामले को शांत कराया गया है।जो भी लोग दोषी होगे उनको चिन्हित करके कार्यवाही किया जाएगा।बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर जी की प्रतिमा लगाने को आदेश दिया है।मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
