केरल से लेकर कश्मीर तक, बिहार से लोग कर रहे हैं पलायन : प्रियंका गांधी | The Voice TV

Quote :

" सुशासन प्रशासन और जनता दोनों की जिम्मेदारी लेने की क्षमता पर निर्भर करता है " - नरेंद्र मोदी

National

केरल से लेकर कश्मीर तक, बिहार से लोग कर रहे हैं पलायन : प्रियंका गांधी

Date : 01-Nov-2025

पटना/बेगूसराय, 01 नवम्बर । बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान चरम पर है। तमाम राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस की महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने भी शनिवार को बेगूसराय में एक जनसभा को संबोधित किया और लोगों से महागठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बिहार सरकार को पलायन के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि केरल से कश्मीर तक, लोग बिहार से पलायन करके जा रहे हैं। गांव में खेती-किसानी में कोई फायदा नहीं हो रहा है। बड़े-बड़े उद्योग यह लोग अपने दोस्तों को दे चुके हैं। देश की संपत्ति अपने दोस्तों में बांट दिया है।

प्रियंका ने कहा कि निजीकरण होने से लोगों को नौकरी नहीं मिल रही है। सभी काम ठेकेदारी पर हो रहा है। मंच पर आकर बात करते हैं डेढ़ करोड़ रोजगार देंगे, तो आखिर 20 साल से रोजगार क्यों नहीं दिया? जनता को बेवकूफ क्यों समझते हैं? चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं और एक भी वादा पूरा नहीं होता है।

कांद्रेस की सांसद ने कहा कि ये लोग महंगाई कम करने की बात करते थे, महंगाई कम हो गई क्या? रोजगार की बात करते थे, लेकिन रोजगार कम कर दिया‌। खेती किसानी को कमाने लायक नहीं छोड़ा। छोटे-छोटे व्यापार जो थे, जो छोटे दुकानदार थे, उसको खत्म कर दिया, तो अब बचा क्या है? उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े मंच पर आकर इवेंट करेंगे, सपना दिखाएंगे कि आपका जीवन बदलने वाला है, लेकिन 20 साल में किसका जीवन बदला है? कोई तो बता दे।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर है। नौजवानों का जीवन मुश्किल में है। सिर्फ और सिर्फ झूठे वादे हो रहे हैं। नीतीश कुमार का कोई आदर नहीं है। बिहार में कौड़ी के दाम पर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को जमीन दी जा रही है। बिहार सरकार की जो नीति है, उसमें अपने भविष्य को अपने हाथों में नहीं लेंगे, तो वह बदलने वाला नहीं है। ‌बड़े-बड़े नेता आएंगे, वादे करेंगे, भविष्य की बात करेंगे, आपके काम की बात नहीं करेंगे। आप जिस हालत में जी रहे हो, उसके लिए सोचो, क्योंकि फिर दूर चले जाना है, उस शहर में जहां अपना कोई नहीं है।

महिलाओं को प्रेरित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जितना श्रम और विवेक महिलाओं में होता है, उतना किसी में नहीं होता है। चुनाव का समय है, ऐसा नहीं कि नेताओं के झूठे वादे में फंस जाओ। अभी मौका है कि आप अपने अधिकारों को मजबूत बनाएं, महागठबंधन चाहता है कि आपको मजबूत बनाएं, इसलिए हमने ऐसी योजनाएं तैयार की हैं। आप एक ऐसी सरकार लाएं, जो इस प्रदेश की हर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाए, अपने पैरों पर खड़ा होने की ताकत दे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जहां भी हमारी सरकार है, हम अपने वादे को पूरा कर रहे हैं और यहां भी हमने जो घोषणा पत्र बनाया है, उसके सभी वादे को पूरा करेंगे। अति पिछड़े जातियों पर जो अत्याचार बढ़ा है, हमारी सरकार बनते ही उसे नियंत्रित करेंगे। शिक्षा व्यवस्था में आरक्षण लागू होगा। बड़े-बड़े व्यापारी की हत्या हो रही है, चुनाव के दौरान एक नेता की हत्या हो गई। सिर्फ महिला ही नहीं, सभी के साथ अपराध चरम पर है। इसलिए बदलाव लाएं, अपने लिए लाएं, अपने बेरोजगार बच्चों के लिए लाएं।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement