बिहार को अराजकता, अपहरण और जातीय नरसंहार की ओर लौटाना चाहती है राजद व कांग्रेस : योगी आदित्यनाथ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिहार को अराजकता, अपहरण और जातीय नरसंहार की ओर लौटाना चाहती है राजद व कांग्रेस : योगी आदित्यनाथ

Date : 04-Nov-2025

गोपालगंज, 4 नवंबर। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के अंतिम दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में भी एक जनसभा को संबोधित किया और उन्होंने एक ओर जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के लिए लोगों से समर्थन मांगा, वहीं विपक्षी दलों के महागठबंधन पर जमकर निशाना भी साधा।

बैकुंठपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यानाथ ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस बिहार को अराजकता, अपहरण और जातीय नरसंहार की ओर लौटाना चाहती है। राजद और कांग्रेस ने बिहार को जातीय हिंसा, अपराध और अपहरण की राजधानी बना दिया था। 1990 से 2005 तक के उनके शासन में बिहार का व्यापारी, किसान और युवा असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर था। तब अपराधी राज करते थे, अधिकारी डरते थे और जनता पलायन करती थी। याद रखिएगा, जो पहले पशुओं का चारा खा गए, वे मौका मिलने पर गरीबों का राशन भी खा जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बिहार ने देश को भगवान बुद्ध, महावीर और जयप्रकाश नारायण जैसी विभूतियां दीं, लेकिन जिन लोगों ने इस धरती को ‘लालटेन युग’ में झोंक दिया, वे अब फिर से सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज बिहार और देश विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। आज हर गरीब के घर में रसोई गैस है, हर किसान के खाते में सम्मान निधि की राशि पहुंच रही है और हर जरूरतमंद को मुफ्त राशन मिल रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई, राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और अब जनता को बरगलाने निकले हैं। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है और सीतामढ़ी में मां जानकी का मंदिर बनना भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।

जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार अब लालटेन की धुंधली रोशनी से निकलकर विकास की उजली रोशनी में आगे बढ़ चुका है। यह चुनाव बिहार को और आगे बढ़ाने और अपराध-भ्रष्टाचार के अंधकार को हमेशा के लिए मिटाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि बैकुंठपुर की जनता ने हमेशा सत्य का साथ दिया है और इस बार फिर राजग की प्रचंड जीत से इतिहास रचने जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज दरभंगा में रोड शो सहित समस्तीपुर में रैली और लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement