प्रधानमंत्री मोदी एवं अन्य नेताओं ने गुरु नानक जयंती की लोगों को दी बधाई | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

प्रधानमंत्री मोदी एवं अन्य नेताओं ने गुरु नानक जयंती की लोगों को दी बधाई

Date : 05-Nov-2025

 
नई दिल्ली, 05 नवंबर । प्रधाननमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सुबह गुरु नानक जयंती और प्रकाश पर्व पर समस्त देशवासियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक्स हैंडल पर लिखा, '' श्री गुरु नानक देव जी का जीवन और संदेश शाश्वत ज्ञान के साथ मानवता का मार्गदर्शन करते रहते हैं। करुणा, समानता, विनम्रता और सेवा की उनकी शिक्षाएं अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उनके प्रकाश पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी दिव्य ज्योति सदैव हमारे ग्रह को प्रकाशित करती रहे।''

प्रधानमंत्री ने एक्स पर ही एक अन्य संदेश में लोगोों को देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, '' देश के अपने सभी परिवारजनों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की कोटि-कोटि शुभकामनाएं। भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जुड़ा यह दिव्य अवसर हर किसी के लिए सुख, शांति, आरोग्य और सौभाग्य लेकर आए। पावन स्नान, दान-पुण्य, आरती और पूजन से जुड़ी हमारी यह पवित्र परंपरा सबके जीवन को प्रकाशित करे।

प्रधानमंत्री के बधाई देने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी गुरु नानक जयंती पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर गुरुनानक जयंती के पावन अवसर पर लिखा गया, ''गुरु नानक जयंती के शुभ अवसर पर मैं देश और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों, विशेष रूप से सिख भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई देती हूं।''

भाजपा ने एक्स हैंडल पर लिखा, ''सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु, गुरु नानकदेव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।'' लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुनानक जयंती की पूर्व संध्या पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

बिरला ने अपने संदेश में कहा, '' सिख धर्म के संस्थापक, प्रथम पातशाही श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं कोटि-कोटि नमन। गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता और सत्य के आदर्शों से विश्व को आलोकित किया। उनके उपदेशों ने समाज में करुणा, सेवा और सह-अस्तित्व का भाव जागृत किया।''

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने धर्म को मानव कल्याण का माध्यम बनाया। जाति, पंथ और भेदभाव से परे रहकर मानवता को एक सूत्र में बांधने का संदेश दिया और कर्मयोग व सत्कर्म को जीवन का सार बताया। गुरु साहिब की पावन शिक्षाएं युगों-युगों तक हमें सत्य, प्रेम और निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर अग्रसर करती रहें यही प्रार्थना है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी देश के लोगों को प्रकाश पर्व की बधाई और शुभकामना दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''विश्व व समाज को शांति, प्रेम, समानता और मानवता का संदेश देने वाले सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।

गुरु नानक देव जी ने एक ओर जहां भक्ति को जीवन का मूल मंत्र बताया, वहीं अन्याय और अत्याचार का निर्भीकता से सामना करने की प्रेरणा भी दी।''

अमित शाह ने कहा कि उन्होंने सामाजिक समानता के लिए लंगर परंपरा की शुरुआत की और धर्मशालाओं की स्थापना कर करुणा एवं संवेदना का मार्ग प्रशस्त किया। उनके आदर्श हर परिस्थिति में मानव जीवन को सही दिशा दिखाते हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement