बिहार में राजग दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर रहा है: राजनाथ सिंह | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिहार में राजग दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर रहा है: राजनाथ सिंह

Date : 05-Nov-2025

पटना/बांका, 05 नवम्बर । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार के बांका में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह दावा किया कि नीतीश की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दो-तिहाई बहुमत के साथ राज्य में दुबारा सत्ता में आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस समेत महागठबंधन में शामिल सभी दलों पर निशाना भी साधा।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि सीमावर्ती इलाकों में सड़कें बेहतर हों। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भी नहीं चाहता था कि बिहार में विकास हो।

राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के ऊपर सेना के राजनीतिकरण करने पर प्रहार किया और कहा कि सैनिक केवल एक धर्म का पालन करते हैं, जो "सैन्य धर्म" है। हमारी सेना को राजनीति में न घसीटें। जब भी इस देश पर संकट आया है, हमारे सैनिकों ने अपनी बहादुरी और पराक्रम का प्रदर्शन करके भारत का सिर ऊंचा किया है।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि आरक्षण होना चाहिए। हम (भाजपा) भी आरक्षण के समर्थक हैं। हमने गरीबों को आरक्षण दिया है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की राजनीति में विकास विरोधी सोच को खत्म कर दिया है। जब मोदी जी ने सत्ता संभाली, तब भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी। आज यह चौथे स्थान पर है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार पर आज तक भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है, जबकि राजद के नीचे से लेकर शीर्ष पर बैठे सभी नेता भ्रष्टाचार के मामलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद शासन के दौरान बिहार का स्वास्थ्य बजट मात्र 700 करोड़ रुपये था, जो अब राजग सरकार में बढ़कर 20,000 करोड़ रुपये हो गया है। यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार जनता के स्वास्थ्य को लेकर कितनी गंभीर है। उन्होंने कहा कि आज बिहार का बजट 3 लाख करोड़ से ऊपर का है, यह विकास की गाथा को लिख रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि राजग कभी भी जाति, पंथ और धर्म के आधार पर लोगों के बीच भेदभाव नहीं करता। हम केवल विकास की बात करते हैं, जबकि महागठबंधन केवल लोगों को जाति, धर्म और भाषा के नाम पर बांटने का काम करता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी रुका नहीं है, अगर आतंकी फिर से भारत पर हमला करने की कोशिश करेंगे, तो हम कड़ा जवाब देंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement