न्यूज़ीलैंड की आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय बैठकें कीं।
श्री गोयल और न्यूज़ीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने भारत–न्यूज़ीलैंड सीईओ गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की। इस अवसर पर श्री गोयल ने प्रौद्योगिकी, कृषि, शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन और सतत विकास के क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर बल दिया। उन्होंने न्यूज़ीलैंड के उद्योग जगत से भारत के साथ साझेदारी बढ़ाने और आपसी विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
रोटोरूआ जाते समय श्री गोयल ने एयर न्यूज़ीलैंड के सीईओ निखिल रविशंकर से भेंट की, जहाँ दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक संपर्क को सुदृढ़ करने तथा भारत के तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र और पर्यटन क्षमता पर चर्चा की।
इसके बाद वाणिज्य मंत्री ने ते पुइया, माओरी संस्कृति और कला के राष्ट्रीय केंद्र का दौरा किया, जहाँ उनका पारंपरिक माओरी पोव्हिरी (स्वागत समारोह) के साथ अभिनंदन किया गया।
श्री गोयल ने न्यूजीलैंड के मंत्री टॉड मैक्ले का गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए धन्यवाद किया और कहा कि भारत और न्यूज़ीलैंड दोनों देशों के बीच मित्रता और समृद्धि को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
