बिहार विधानसभा की 122 सीटों पर 20 जिलों में सुबह सात बजे से शाम के 05 बजे तक होगा मतदान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिहार विधानसभा की 122 सीटों पर 20 जिलों में सुबह सात बजे से शाम के 05 बजे तक होगा मतदान

Date : 11-Nov-2025

 पटना, 11 नवंबर। बिहार विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी शामिल हैं।

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 45,399 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे, जिनमें से 40,073 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। कुल मतदाताओं में 1.75 करोड़ महिलाएं हैं। हिसुआ सीट (नवादा) में सबसे अधिक 3.67 लाख मतदाता हैं, जबकि लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज, सुगौली और बनमखी में प्रत्याशियों की संख्या सबसे ज्यादा (22-22) है। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिसमें 65% से अधिक पोलिंग दर्ज हुई थी।

दूसरे चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज सहित नेपाल सीमा से सटे जिलों में मतदान होगा। सुरक्षित और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

दूसरे चरण में ज्यादातर सीटें सीमांचल क्षेत्र की हैं, जहां मुस्लिम आबादी अधिक है, जिससे यह चरण एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए अहम बन गया है। एनडीए विपक्ष पर 'घुसपैठियों को संरक्षण देने' का आरोप लगा रहा है, जबकि विपक्ष अल्पसंख्यक मतदाताओं पर भरोसा कर रहा है। प्रमुख उम्मीदवारों में जेडीयू के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), भाजपा के प्रेमेंद्र कुमार (गया टाउन), रेनू देवी (बेतिया), नीरेज कुमार सिंह 'बबलू' (छातापुर), लेशी सिंह (धमदाहा), शीला मंडल (फुलपरस) और जामा खान (चैनपुर) शामिल हैं।

दिल्ली धमाके के बाद बिहार हाईअलर्ट पर

दिल्ली में हुए भीषण धमाके के बाद चुनाव के मद्देनजर बिहार को भी अलर्ट पर रखा गया है। हालांकि यहां चुनाव होने की वजह से बिहार पहले से ही अलर्ट मोड पर है। बिहार के डीजीपी ने मतदाताओं से अपील की है कि सभी लोग निर्भय होकर मंगलवार को मतदान करें।

बिहार से सटे झारखंड, बंगाल, और यूपी की सीमा पहले से ही सील कर दी गई हैं। यहीं ने बिहार से लगता इंटरनेशनल बॉर्डर भी सील है। ऐसे में दिल्ली में हुए धमाके के बाद सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर डाल दिया गया है।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement