राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत प्रतिनियुक्त पर भेजे गए दिल्ली, सामाजिक न्याय मंत्रालय में बने सचिव | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत प्रतिनियुक्त पर भेजे गए दिल्ली, सामाजिक न्याय मंत्रालय में बने सचिव

Date : 11-Nov-2025

जयपुर, 11 नवंबर। राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत को केंद्र सरकार ने दिल्ली में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया है। वे एक दिसंबर 2025 को नई जिम्मेदारी संभालेंगे। केंद्र सरकार ने उनकी प्रतिनियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।

सुधांश पंत राजस्थान कैडर के 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें एक जनवरी 2024 को भजनलाल शर्मा सरकार में राज्य का मुख्य सचिव बनाया गया था। उनका कार्यकाल फरवरी 2027 तक था, लेकिन उन्होंने रिटायरमेंट से लगभग 13 महीने पहले ही पद छोड़ दिया।

बताया जा है कि कार्यकाल के बीच में दिल्ली में पोस्टिंग पर भेजे जाने वाले सुधांश पंत राज्य के दूसरे मुख्य सचिव हैं। इससे पहले 2013 में वसुंधरा राजे सरकार के दौरान राजीव महर्षि को मुख्य सचिव रहते हुए केंद्र में पदस्थापित किया गया था। राजीव महर्षि बाद में केंद्र सरकार के गृह सचिव और फिर भारत के महालेखा परीक्षक (कैग) बने थे।

राज्य प्रशासन में यह दूसरा मौका है जब किसी मुख्य सचिव ने कार्यकाल से पहले पद छोड़ा है।

सुधांश पंत पहले भी केंद्र सरकार में डेपुटेशन पर रह चुके हैं। वे जल संसाधन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्य कर चुके हैं। राज्य में लौटने के बाद उन्हें भजनलाल सरकार ने मुख्य सचिव बनाया था।

सुधांश पंत की पहली पोस्टिंग 1993 में जयपुर में एसडीओ के रूप में हुई थी। इसके बाद वे जैसलमेर और झुंझुनूं के कलेक्टर रहे।

उन्होंने जयपुर में डीजी और एसीएस (ट्रेनिंग), जलदाय विभाग के एसीएस और राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन के रूप में भी सेवाएं दी हैं। पिछली गहलोत सरकार में उनका तीन महीने में तीन बार तबादला हुआ।

अब वे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव के रूप में केंद्र सरकार की सामाजिक कल्याण योजनाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों से संबंधित नीतियों पर काम करेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement