आईसीजी ने उत्तरी बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा पर 79 बांग्लादेशी मछुआरों को पकड़ा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

आईसीजी ने उत्तरी बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा पर 79 बांग्लादेशी मछुआरों को पकड़ा

Date : 18-Nov-2025

नई दिल्ली, 18 नवंबर। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के जहाजों ने उत्तरी बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा (आईएमबीएल) पर निगरानी के दौरान 79 मछुआरों को पकड़ा है। यह सभी मछुआरे भारत के अनन्य आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) के अंदर अवैध रूप से मछली पकड़ने के लिए नौकाओं के साथ आये थे। आईसीजी ने उनकी मछली पकड़ने वाली तीन नौकाओं (बीएफबी) को भी जब्त किया है।

कमांडेंट अमित उनियाल ने बताया कि 15 एवं 16 नवंबर को भारत के ईईजेड के अंदर अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में तीन बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाली नौकाओं (बीएफबी) और उनके 79 चालक दल के सदस्यों को पकड़ा गया है। नियमित निगरानी के दौरान मछली पकड़ने वाली नौकाओं को भारतीय जल क्षेत्र के भीतर पाया गया, जो भारतीय समुद्री क्षेत्र (विदेशी जहाजों द्वारा मछली पकड़ने का विनियमन) अधिनियम, 1981 का उल्लंघन था। आईसीजी की बोर्डिंग टीमों ने नौकाओं को तुरंत रोककर गहन निरीक्षण किया।

आईसीजी के अनुसार किसी भी चालक दल के पास भारत के समुद्री क्षेत्रों में मछली पकड़ने का वैध प्राधिकरण या परमिट नहीं था। नौकाओं पर मौजूद मछली पकड़ने के उपकरण और ताजी पकड़ी गई मछलियों ने अवैध रूप से मछली पकड़ने की गतिविधि की पुष्टि की। इसके बाद तीनों बीएफबी को उनके चालक दल सहित सुरक्षित रूप से फ्रेजरगंज ले जाया गया। इसके बाद नौकाओं और उनके कर्मियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फ्रेजरगंज स्थित मरीन पुलिस को सौंप दिया गया।

यह अभियान पश्चिम बंगाल पुलिस और भारतीय तटरक्षक बल के बीच निर्बाध समन्वय और भारत के समुद्री हितों की रक्षा, अवैध मछली पकड़ने को रोकने और राष्ट्रीय जलक्षेत्र में काम करने वाले भारतीय मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आईसीजी की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारतीय तटरक्षक बल समुद्री कानूनों को लागू करने और राष्ट्रीय समुद्री संपत्तियों की रक्षा के लिए निरंतर सतही और हवाई निगरानी के माध्यम से बंगाल की खाड़ी में निरंतर नजर रखे है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement