प्रत्येक रामभक्त के हृदयपटल पर रामराज्य की कल्पना पुनः साकार और सजीव हुईः रेखा गुप्ता | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

प्रत्येक रामभक्त के हृदयपटल पर रामराज्य की कल्पना पुनः साकार और सजीव हुईः रेखा गुप्ता

Date : 25-Nov-2025

 नई दिल्ली, 25 नवंबर ।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराए जाने को लेकर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पुण्य अवसर राष्ट्र के आत्मसम्मान, आध्यात्मिक उत्कर्ष और चिरप्रतीक्षित सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अप्रतिम और उज्ज्वलतम उदय है। आज प्रत्येक रामभक्त के हृदयपटल पर रामराज्य की कल्पना पुनः साकार और सजीव हुई है।

रेखा गुप्ता ने मंगलवार को एक्स पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के कर कमलों से धर्मनगरी अयोध्या में भव्य-दिव्य श्रीराम मंदिर के शिखर पर पावन भगवा ध्वजा फहराने का यह दिव्य-ऐतिहासिक क्षण, निश्चित ही इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठों पर अविस्मरणीय रूप से अंकित रहेगा।" रेखा गुप्ता ने कहा कि शताब्दियों की अनवरत तपस्या, अनगिनत बलिदानों, अटूट श्रद्धा, अडिग संकल्प और सुदीर्घ प्रतीक्षा का फल आज साकार हुआ है। यह दृश्य सनातन धर्म के पुनरुत्थान, भारतीय संस्कृति की अमरता और सत्य-धर्म के शाश्वत अधिष्ठान का साक्षात एवं जीवंत प्रमाण है। यह धर्म-ध्वजारोहण मात्र एक अनुष्ठान नहीं, अपितु यह समूचे राष्ट्र की सामूहिक निष्ठा, अटूट श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का तेजोमय उद्घोष है।

गुप्ता ने कहा कि यह वह परम पावन वेला है, जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की जन्मस्थली पर फहराती धर्म ध्वजा भारत की सांस्कृतिक आत्मा में नवजागरण की ऊर्जा का संचार कर रही है, जहां हमारी श्रद्धा, इतिहास और उज्ज्वल भविष्य एक बिंदु पर एकाकार हो रहे हैं। आज प्रत्येक रामभक्त के हृदयपटल पर रामराज्य की कल्पना पुनः साकार और सजीव हुई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement