उत्तर तमिलनाडु में बारिश जारी, चेन्नई और तिरुवल्लुर में ऑरेंज अलर्ट जारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

उत्तर तमिलनाडु में बारिश जारी, चेन्नई और तिरुवल्लुर में ऑरेंज अलर्ट जारी

Date : 01-Dec-2025

 चेन्नई, 1 दिसंबर । दक्षिण तमिलनाडु और डेल्टा जिलों में बारिश में कमी आने के बाद भी, उत्तर तमिलनाडु के तटीय इलाकों चेन्नई, तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और सेंगलपट्टू में सोमवार सुबह से ही रुक-रुक कर तेज और मध्यम बारिश का दौर जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर तमिलनाडु–पुडुचेरी तट पर स्थित चक्रवाती प्रणाली 30 नवंबर की शाम को कमजोर पड़कर गहरे दबाव का क्षेत्र बन गई। यह प्रणाली धीरे-धीरे उत्तर दिशा में बढ़ते हुए 1 दिसंबर को चेन्नई से लगभग 50 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में तथा पुडुचेरी, कडालूर और नेल्लूर के तटीय क्षेत्रों के निकट समुद्र में केंद्रित रही।

गहरे दबाव के केंद्र और उत्तर तमिलनाडु–पुडुचेरी तट के बीच दूरी केवल 40 किमी दर्ज की गई है, जो मौसम की गतिविधियों को प्रभावित कर रही है। अगले 12 घंटों में इसके और कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। इस दौरान यह तंत्र चेन्नई से मात्र 30 किमी की दूरी तक पहुंच सकता है।

चेन्नई व तिरुवल्लुर में ऑरेंज अलर्ट

प्रभावित मौसम प्रणाली के कारण चेन्नई और तिरुवल्लुर जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दोनों जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि कांचीपुरम, सेंगलपट्टू और राणिपेट जिलों में भी अत्यधिक वर्षा की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा समुद्र के ऊपर हवाएं 45–55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की आशंका जताई गई है।

अगले 7 दिनों तक जारी रह सकती है बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि 2 दिसंबर से 7 दिसंबर तक तमिलनाडु के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

दक्षिणी जिलों में पिछले दिनों भारी बारिश

पिछले कुछ दिनों में तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, मयलाडुतुरई, शिवगंगा, करैकल और अन्य डेल्टा जिलों में जोरदार बारिश हुई है। वहीं, तिरुनेलवेली, नेल्लै, तूतुकुड़ी, कन्याकुमारी और रामनाथपुरम जैसे दक्षिणी जिलों में भी भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

उत्तर तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र अब भी बारिश के प्रभाव में हैं, जहां सोमवार सुबह से लगातार तेज और हल्की बारिश का दौर जारी है।_


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement