रायसेन जिले के बरेली में बड़ा हादसा, 40 साल पुराना पुल भरभराकर ढहा, 4 गंभीर घायल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

रायसेन जिले के बरेली में बड़ा हादसा, 40 साल पुराना पुल भरभराकर ढहा, 4 गंभीर घायल

Date : 01-Dec-2025

 रायसेन, 1 दिसंबर। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बरेली क्षेत्र में साेमवार दाेपहर काे उस वक्त हड़कंप मच गया जब बरेली-पिपरिया मार्ग स्थित नयागांव का करीब 40 वर्ष पुराना पुल अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे के वक्त पुल के नीचे मरम्मत का काम चल रहा था, तभी दो मोटरसाइकिल सवार पुल के ऊपर से गुजर रहे थे और पुल अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल बरेली सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही बरेली थाना प्रभारी, एसडीओपी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक घायलाें में एक वाहन पर जैत जिला सीहोर के निवासी सवार थे और दूसरे वाहन पर बेरली धोखेड़ा के दो निवासी सवार थे। सूचना मिलने पर एसडीओपी, तहसीलदार मौके पर पहुंच गए है। पुल के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई है। पुल के नीचे निर्माण कार्य चल रहा था। कई मजदूर काम कर रहे थे। पुल को ढहता देख मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि मजदूर समय रहते हट गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसडीओपी और तहसीलदार सहित स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा बरेली स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टर्स को घायलों के समुचित उपचार के दिशा निर्देश दिए। साथ ही घायलों से भी संवाद किया। इसके उपरांत कलेक्टर विश्वकर्मा ने नयागांव पहुंचकर घटना स्थल का भी जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशुतोष गुप्ता भी साथ रहे।

रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि पुल का निर्माण 1980 में हुआ था। पुल की लंबाई करीब 120 फीट है और चौड़ाई 25 फीट है। स्टेट हाईवे पर बना यह पुल रायसेन जिले के बरेली और पिपरिया को जोड़ता था। मामले का संज्ञान लेते हुए चिकित्सा शिक्षा मंत्री और रायसेन जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा, “हादसे की जानकारी मिली है। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। क्या कुछ हुआ, इसकी पूरी जांच होगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर डटी हुई है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

उधर, कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में कहा कि निर्माण कार्य चलने के बावजूद पुल पर ट्रैफिक नहीं रोका गया। इसे डायवर्ट भी नहीं किया गया। ये गंभीर मामला है। जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने कहा- रोड टूट रही हैं, पुल गिर रहे हैं। ये सरकार में भ्रष्टाचार का उदाहरण है। केंद्रीय कृषि मंत्री के क्षेत्र में ऐसी घटना हो रही है ये सरकार के सुशासन पर सवाल खड़े करता है।

एमपीआरडीसी की बड़ी लापरवाही आई सामने

पुल गिरने में एमपीआरडीसी की बड़ी लापरवाही आई सामने है। जानकारी के मुताबिक जर्जर पुल पर ही सड़क बना दी गई थी। पुल को सुधारने या नया पुल बनाने की बजाए उसी से पर सड़क बना दी गई। पुल के अचानक गिरने से ग्रामीणों में रोष है।घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। पुलिस और ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल रूट बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिपरिया थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि बरेली-महेश्वर के पास स्टेट हाईवे की पुराना पुल टूटा है। इसके कारण बरेली-रायसेन मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि पिपरिया से बरेली होते हुए भोपाल जाने वाला मार्ग अब बंद रहेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement