भाजपा अध्यक्ष नड्डा को प्रधानमंत्री मोदी, मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

भाजपा अध्यक्ष नड्डा को प्रधानमंत्री मोदी, मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

Date : 02-Dec-2025

नई दिल्ली, 02 दिसंबर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याणमंत्री तथा रसायन एवं उर्वरकमंत्री जे.पी. नड्डा के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके के योगदान की सराहना की और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने नड्डा को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि वे अपने सरल और सहज व्यक्तित्व, संगठनात्मक कौशल और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित हैं। प्रधानमंत्री ने भाजपा को मजबूत बनाने तथा स्वास्थ्य, रसायन और उर्वरक क्षेत्र में नड्डा के योगदान की सराहना की और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नड्डा प्रधानमंत्री मोदी के प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण व किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के संकल्प को पूरा करने में लगातार कार्यरत हैं। उन्होंने संगठन के विस्तार में नड्डा की भूमिका की प्रशंसा करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी नड्डा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रहित के प्रति नड्डा का समर्पण और सेवा भाव कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने भगवान श्रीराम से उनके दीर्घायु और सफलता की कामना की। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नड्डा के नेतृत्व को देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में परिवर्तनकारी बताया और माता कामाख्या से उनके सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नड्डा के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अगुवाई में पार्टी निरंतर सशक्त हो रही है। उन्होंने नड्डा के स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने नड्डा के राष्ट्रीय नेतृत्व, समर्पण और राष्ट्रहित में किए गए प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने बालाजी महाराज से नड्डा के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु का आशीर्वाद मिलने की कामना की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी नड्डा को बधाई दी और उन्हें करोड़ों कार्यकर्ताओं का प्रेरणास्रोत बताया। धामी ने उनके स्वस्थ व मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नड्डा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका नेतृत्व संगठन को ऊर्जा, दिशा और सुदृढ़ कार्यसंस्कृति प्रदान करता है। उन्होंने जनसेवा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में नड्डा की महत्वपूर्ण भूमिका को उल्लेखनीय बताया और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement