दरंग (असम), 02 दिसंबर। दरंग जिले के खारुपेटिया में सोमवार देर रात हुई गोलीबारी ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस घटना में एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी पहचान मुन्ना साहा के रूप में हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मुन्ना साहा और स्थानीय व्यवसायी अनंत विश्वास के बीच ब्याज के पैसे को लेकर कहासुनी हुई थी। दोनों के बीच विवाद अनंत विश्वास नामक व्यक्ति की ज्वेलरी दुकान के अंदर हुआ, जहां बाद में गोली चली।
घटना के तुरंत बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा। गंभीर रूप से घायल मुन्ना साहा को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक 9 मिमी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने व्यवसायी अनंत विश्वास को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।
