फतेहपुर, 2 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन स्टेडियम का मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने निरीक्षण किया। उन्हाेंने मौके पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाई। कार्यस्थल पर पीले गुणवत्ताहीन ईंट पाए जाने पर उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि स्टेडियम के निर्माण का कार्य कार्यदायी संस्था यूपी सिडको द्वारा मे. नन्द किशोर सिंह के माध्यम से कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था एवं फर्म को नोटिस जारी करते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं। ईंट व अन्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए मानक के अनुरूप सामग्री प्रयोग कर कार्य पूर्ण कराने के लिए सम्बन्धित को निर्देश दिया गया है। इस दाैरान प्रधानाचार्या अल्का गौड़ व अन्य मौजूद रहे।
