विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने जानकारी दी कि भारतीय वायुसेना (IAF) का सी-17 परिवहन विमान कल कोलंबो पहुँचा, जिसमें एक पूर्णतः सुसज्जित मॉड्यूलर फील्ड अस्पताल, 70 से अधिक मेडिकल और सहायता कर्मी तथा आवश्यक वाहन शामिल थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि भारत श्रीलंका में जारी बाढ़ राहत अभियान में लगातार सहयोग प्रदान कर रहा है।
इसी दौरान रक्षा मंत्रालय ने भी बताया कि भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर लगातार राहत कार्यों में जुटे हैं। अब तक 8 टन से अधिक राहत सामग्री पहुँचा दी गई है और 65 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें विदेशी नागरिक, गंभीर रूप से बीमार मरीज और एक गर्भवती महिला शामिल हैं।
