रूस के राष्ट्रपति पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा आज, 30 घंटे के दौरे में अहम समझौते की संभावना | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

रूस के राष्ट्रपति पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा आज, 30 घंटे के दौरे में अहम समझौते की संभावना

Date : 04-Dec-2025

 नई दिल्ली, 4 दिसंबर । रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को भारत के दौरे पर आ रहे हैं। वे 4-5 दिसंबर को भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। करीब 30 घंटे की यात्रा के दौरान पुतिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ 23वें भारत-रूस द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। पुतिन चार साल के अंतराल के बाद भारत पहुंच रहे हैं। साल 2021 में वे भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे थे।

राष्ट्रपति पुतिन भारत के दो दिवसीय दौरे पर 4 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे दिल्ली पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी 7 लोक कल्याण मार्ग पर उनके सम्मान में निजी डिनर की मेजबानी करेंगे।

रूसी राष्ट्रपति के भारत दौरे के लिए निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी के बीच अहम डील 5 दिसंबर को होंगी। शुक्रवार सुबह पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाएंगे।

इसके बाद सुबह लगभग 11 बजे हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसमें रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और रणनीतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में अहम समझौतों की उम्मीद है। बैठक के बाद दोनों नेता संयुक्त बयान जारी करेंगे। उल्लेखनीय है कि भारत-रूस के बीच अबतक 22 शिखर वार्ता होती है। इसके लिए पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी मॉस्को गए थे, जबकि पुतिन आखिरी बार 2021 में शिखर वार्ता के लिए भारत आए थे।

इसी शाम 4 बजे दोनों नेता भारत मंडपम में भारत-रूस बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे। व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से उनकी मुलाकात होगी। इसके बाद शाम लगभग 7 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रूसी राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में राज्य भोज की मेजबानी करेंगी। पुतिन 5 दिसंबर की रात रूस के लिए रवाना होंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement