नौसेना दिवस पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत तमाम नेताओं ने नौसैनिकों के साहस को किया नमन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

नौसेना दिवस पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत तमाम नेताओं ने नौसैनिकों के साहस को किया नमन

Date : 04-Dec-2025

नई दिल्ली, 4 दिसंबर । नौसेना के अदम्य साहस और समर्पण को समर्पित नौसेना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, केंद्रीय और राज्य सरकार के कई नेताओं ने नौसैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। इन सभी नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समुद्री सीमाओं की रक्षा, मानवता की सेवा, आपदा प्रबंधन और वैश्विक शांति में नौसेना की भूमिका को नमन किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि समुद्री मार्गों की सुरक्षा, समुद्री संसाधनों की रक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और समुद्री शोध के माध्यम से भारतीय नौसेना सुरक्षित, समृद्ध और सतत समुद्रों के हमारे विजन को मजबूत करती है। उन्होंने नौसेना के जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं दी और उनके साहस, सतर्कता और समर्पण को याद किया।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नौसेना को भारत की सागरीय शक्ति, सतर्कता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि नौसेना ने हमारी विस्तृत तटरेखाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भारतीय महासागर क्षेत्र में शांति व स्थिरता बनाए रखने में उत्कृष्ट भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी नौसैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के साहस और सेवा की सराहना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारतीय नौसेना के जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई। समुद्र की अनंत लहरों के बीच राष्ट्र की सुरक्षा की यह अटूट ढाल साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की जीवंत गाथा है। हमारे नौसैनिक अपने परिवारों से दूर रहकर राष्ट्र को सुरक्षित रखते हैं, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नौसेना के सभी जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता हमारे समुद्री सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करती है और देशवासियों में आत्मविश्वास और गर्व का भाव जगाती है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भारतीय नौसेना के वीर जवानों को सलाम किया और कहा कि देश की जल सीमाओं के सजग प्रहरी, अदम्य साहस और निष्ठा से राष्ट्रसेवा में समर्पित नौसेना के जवानों को नमन। भारतीय नौसेना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नौसेना के वीर जवानों को नौसेना दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि उनकी अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण पर राष्ट्र गर्व करता है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल ने कहा कि लहरों के पहरेदारों को नमन। उनके साहस, प्रतिबद्धता और समर्पित सेवा से हमारे समुद्री सीमाओं की रक्षा होती है और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत होती है। इस दिन हमें उनके कर्तव्य और उनके पीछे के शांत बलिदानों को सम्मानित करना चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारतीय नौसेना न केवल समुद्री सुरक्षा का प्रतीक है बल्कि देश की समुद्री सीमाओं, द्वीपों और नीली अर्थव्यवस्था की सुरक्षा में उत्कृष्ट भूमिका निभाती है। उन्होंने नौसैनिकों के साहस और समर्पण पर गर्व जताया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौसेना के सभी वीर जवानों और उनके परिवारों को बधाई दी और कहा कि भारतीय नौसेना समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, मानवता की सेवा, आपदा प्रबंधन और वैश्विक शांति में अग्रणी भूमिका निभा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement