बलरामपुर, 4 दिसंबर । जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने विकासखण्ड वाड्रफनगर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुँचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समय पर पूर्ण किए जाएं।
पण्डरी में पुल-पुलिया और आवास निर्माण की समीक्षा
सीईओ तोमर ग्राम पंचायत पण्डरी पहुंची, जहां उन्होंने पुल-पुलिया निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत की और उन्हें समय पर अपने आवास पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। सचिव और सरपंचों को निर्देश दिया कि सभी अधूरे आवासों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।
ग्राम पंचायत सरना में आयोजित हुआ आवास चौपाल
निरीक्षण के बाद सीईओ ने ग्राम पंचायत सरना में आवास चौपाल आयोजित की, जिसमें बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित हुए। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण में आ रही समस्याएँ जानीं और उन्हें सक्रियता से काम पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सीईओ ने कहा कि, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक समय पर पहुँचे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
