दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कैबिनेट सहयोगियों के साथ स्वर्ण मंदिर में माथा टेका | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कैबिनेट सहयोगियों के साथ स्वर्ण मंदिर में माथा टेका

Date : 08-Dec-2025

नई दिल्ली, 8 दिसंबर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ पंजाब के अमृतसर स्थित हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में माथा टेका और दरबार साहिब में शुकराना अदा किया। मुख्यमंत्री ने अपनी इस धार्मिक यात्रा में दुर्गियाना मंदिर और वाल्मीकि मंदिर के भी दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश व दिल्ली की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लाल किला पर 23 से 25 नवंबर तक ‘गुरमत समागम’ का आयोजन दिल्ली सरकार एवं दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसमें छह लाख श्रद्धालुओं ने भागीदारी की, जो एक रेकॉर्ड है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल किला पर आयोजित ‘गुरमत समागम’ की अद्भुत सफलता गुरु साहिब की ही कृपा है। विशेषकर उस परिस्थिति में जब आयोजन से कुछ दिन पूर्व ही क्षेत्र में बम विस्फोट की आतंकी घटना से पूरा इलाका सहमा हुआ था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से यह पूरा आयोजन बिना किसी परेशानी के, अत्यंत सुंदर और शांति से सम्पन्न हुआ। इसलिए वह आज पूरी दिल्ली कैबिनेट के साथ यहां श्री हरमंदिर साहिब में गुरु साहिब का शुकराना करने आई हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली सरकार आने वाले पूरे वर्ष गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत के 350वें वर्ष के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। स्कूलों में बच्चों तक गुरु साहिब की शिक्षाओं और बलिदान की कथा पहुंचाने के लिए विशेष पुस्तकों के प्रकाशन की व्यवस्था भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि देशभर में विभिन्न सरकारों और संस्थाओं द्वारा भी गुरु साहिब के प्रकाश और शहादत पर्व को अत्यंत श्रद्धा से मनाया जा रहा है। यह सभी प्रयास गुरु साहिब की सार्वभौमिक शिक्षाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। हरमंदिर साहिब की यात्रा उनके और उनकी पूरी सरकार के लिए केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि गुरु परंपरा के प्रति गहरी श्रद्धा, कृतज्ञता और आभार का भाव है।

अपनी इस धार्मिक यात्रा में मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ स्वर्ण मंदिर सदृश दिखने वाले प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर भी पहुंचीं। वहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की खुशहाली के लिए कामना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि मंदिर (श्री रामतीर्थ मंदिर) में भी माथा टेका ओर आशीर्वाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी यही कामना है कि भगवान वाल्मीकि जी की कृपा सदैव सब पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि अमृतसर की इस पवित्र भूमि पर दर्शन करना उनके लिए गहरा आध्यात्मिक अनुभव है। अमृतसर हर रूप में आस्था और ऊर्जा की नगरी है। गुरु की बड़ी कृपा है कि हमें दिल्ली की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है।

अमृतसर में स्थानीय लोगों द्वारा दिए गए प्रेम और स्वागत के प्रति मुख्यमंत्री ने आभार व्यक्त किया और इसे अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि यही प्यार और आशीर्वाद हमारी ताकत है। आशा है गुरु की कृपा हम सभी पर यूंही बनी रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस आध्यात्मिक ऊर्जा और जनता के समर्थन से प्रेरित होकर, दिल्ली सरकार भविष्य में भी सेवाभाव से जनकल्याण के कार्यों को गति देती रहेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement