पूरे देश में घरेलू एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति जारी: केंद्र | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पूरे देश में घरेलू एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति जारी: केंद्र

Date : 29-Apr-2026

 नई दिल्ली, 29 अप्रैल । पश्चिम एशिया में बदलती परिस्थितियों के बीच सरकार ने बुधवार को कहा कि पूरे देश में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति बिना रुकावट सुचारू रूप से जारी है। सरकार ने कहा कि एलपीजी वितरकों के पास किसी तरह की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। इसके साथ ही ऑनलाइन बुकिंग अपने अबतक के सबसे ऊंचे स्तर पर है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि देश में एलपीजी वितरक पर कहीं भी स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने कहा, "पश्चिम एशिया संकट के कारण एलपीजी के आयात पर असर पड़ा है लेकिन हमारी घरेलू एलपीजी आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी है।"

सुजाता शर्मा ने कहा कि एलपीजी वितरकों के पास किसी भी तरह की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड पर आधारित घरेलू रसोई गैस सप्लाई भी अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर है। शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि भारत सरकार ने 5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की सप्लाई दोगुनी कर दी है। फरवरी महीने में, लगभग 21 लाख 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर बेचे गए। उन्होंने कहा कि अप्रैल में अब तक लगभग 21.05 लाख 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर बेचे जा चुके हैं।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव ने कहा कि अब तक पीएसयू तेल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा लगभग 9,550 जागरूकता कैंप लगाए गए हैं, जिनमें लगभग 1.5 लाख 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर बेचे गए हैं।" सुजाता शर्मा ने कहा, "रिटेल आउटलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कच्चे तेल का स्टॉक भी पर्याप्त है। रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।" उन्होंने कहा कि मुंबई, कोच्चि, विशाखापट्टनम, चेन्नई, मथुरा और गुजरात की रिफाइनरियों द्वारा 8,900 टन प्रोपलीन और 950 टन ब्यूटाइल एक्रिलेट की बिक्री की गई है। प्रवर्तन की कार्रवाई भी जारी रही है।

वहीं, बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि शिपमिन इंडिया 28 अप्रैल तक मंत्रालय, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा उर्वरक मंत्रालयों के समन्वय से स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि डीजी शिपिंग कंट्रोल रूम ने अब तक 8000 से ज़्यादा कॉल और 17000 ईमेल संभाले हैं, जिनमें पिछले 24 घंटों में 114 कॉल और 276 ईमेल शामिल हैं।

मुकेश मंगल ने बताया कि शिपिंग महानिदेशालय ने 2829 भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की है, जिनमें पिछले 24 घंटों में 29 नाविक शामिल हैं। सभी बंदरगाह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और कहीं भी भीड़भाड़ की कोई रिपोर्ट नहीं है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement