09 दिसंबर । नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने बताया कि देश में उड़ान संचालन अब लगभग पूरी तरह सामान्य हो गया है।
उनके अनुसार, इंडिगो एयरलाइन ने कल 1800 से अधिक उड़ानें संचालित कीं, जो उसके नियमित संचालन स्तर के करीब है। उन्होंने कहा कि अकासा, एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्पाइसजेट सहित अन्य सभी एयरलाइंस भी पूर्ण क्षमता के साथ उड़ान भर रही हैं।
इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से जुड़े रिफंड और सामान संबंधी मुद्दों पर जानकारी देते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि एयरलाइन ने लगभग सभी रिफंड प्रक्रिया पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि करीब 90 प्रतिशत सामान यात्रियों तक पहुंच चुका है, जबकि शेष बैग उनके पते पर भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 24 घंटों के भीतर सभी लंबित सामान यात्रियों के निर्धारित स्थानों पर पहुँचा दिए जाएंगे।
