09 दिसंबर । नई दिल्ली: लोकसभा का शीतकालीन सत्र आज अपने सातवें दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। मंगलवार को सदन में चुनाव सुधारों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पर करीब 10 घंटे लंबी बहस आयोजित होगी। इस बहस में कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी समेत 10 बड़े नेता हिस्सा लेंगे, जबकि सरकार की ओर से केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 10 दिसंबर को जवाब देंगे।
बहस के मुख्य मुद्दों में SIR प्रक्रिया के दौरान वोट चोरी के आरोप, चुनाव आयोग की निष्पक्षता, और भविष्य में व्यापक चुनाव सुधारों की आवश्यकता शामिल होंगे। विपक्ष लगातार यह आरोप लगा रहा है कि SIR के दौरान BLO पर अत्यधिक दबाव डाला जा रहा है, जिससे कई कर्मचारियों की मौत या आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आई हैं। बिहार चुनाव में एनडीए की रिकॉर्ड जीत के बाद विपक्ष एक बार फिर मतदाता सूची और वोटिंग प्रक्रिया में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाने की तैयारी में है।
शीतकालीन सत्र की शुरुआत से ही विपक्ष लगातार SIR और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं पर चर्चा की मांग कर रहा था। 1 और 2 दिसंबर को इस मुद्दे को लेकर संसद में जोरदार हंगामा हुआ, जिसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सरकार और विपक्ष के नेताओं को 2 दिसंबर को बैठक के लिए बुलाया। दोनों पक्षों की सहमति से 9 दिसंबर को लोकसभा में 10 घंटे की विस्तृत चर्चा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।