नई दिल्ली, 09 दिसंबर । लगातार उड़ान व्यवधानों के बाद इंडिगो ने अपने नेटवर्क को पूरी तरह से सामान्य कर दिया है। एयरलाइन ने बताया कि शनिवार को 1,800 से अधिक उड़ानें संचालित की गईं, जो शुक्रवार की तुलना में लगभग 150 उड़ानें अधिक हैं। ऑपरेशंस की बहाली के साथ ही इंडिगो की ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) भी 91% तक पहुंच गई, जबकि एक दिन पहले यह लगभग 75% थी।
इंडिगो ने कहा कि जिन उड़ानों को रद्द किया जा रहा है, उनकी जानकारी यात्रियों को पहले से दी जा रही है ताकि उन्हें न्यूनतम असुविधा का सामना करना पड़े। एयरलाइन ने यात्रियों की शिकायतों और सहायता अनुरोधों के समाधान के लिए आंतरिक प्रक्रियाओं को और तेज कर दिया है।
कंपनी ने बताया कि अब तक 827 करोड़ रुपये का रिफंड प्रोसेस किया जा चुका है, और 15 दिसंबर तक रद्द उड़ानों के शेष रिफंड भी पूरा कर दिए जाएंगे। इसी अवधि में फंसे यात्रियों के लिए 9,500 से अधिक होटल रूम, लगभग 10,000 कैब और बसें उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, 4,500 से अधिक बैग यात्रियों तक पहुंचा दिए गए हैं और शेष लगेज अगले 36 घंटों में वितरित किया जाएगा।