वार्षिकी : मप्र की बेटियों के लिए विशेष रहा 2025, राशि बढ़ी तो खुशी से झूमीं लाड़ली बहनें | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

वार्षिकी : मप्र की बेटियों के लिए विशेष रहा 2025, राशि बढ़ी तो खुशी से झूमीं लाड़ली बहनें

Date : 24-Dec-2025

भोपाल, 24 दिसंबर। मध्य प्रदेश की महिलाओं और बेटियों के लिए वर्ष 2025 खुशियों और सशक्तिकरण का वर्ष बनकर सामने आया है। इस वर्ष बीते महीने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत मासिक सहायता राशि को 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये किए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस निर्णय ने प्रदेश भर की लाखों महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान ला दी। यह फैसला महिलाओं के आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और मजबूत कदम माना गया।

मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने इस योजना को महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने का रास्ता बताया, जिससे अनेक महिलाओं ने छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं, बच्चों की पढ़ाई में मदद मिली है और आर्थिक सुरक्षा भी बढ़ी है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया का कहना है कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में रहने वाली बहनें स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर रही हैं। बच्चों की स्कूल फीस भर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आर्थिक रूप से बहनों को स्वावलंबी बनाने के लिए नई योजनाएं लागू करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।

विधानसभा में उन्होंने यह भी कहा है कि योजना निरंतर चलती रहेगी और इसके लाभार्थियों के पंजीकरण तथा राशि वृद्धि जैसे विषयों पर विभाग विचार करता रहता है।

पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने यह संकल्प लिया है कि अब प्रदेश की बहनें मजबूरी नहीं, मजबूती का जीवन जिएंगी। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार कर रही है।

महिला सशक्तिकरण की मजबूत नींव बनी लाड़ली बहना योजना

इस योजना की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा जयंती के अवसर पर की थी और इसे पांच मार्च 2023 को औपचारिक रूप से लागू किया गया था। योजना के प्रारंभिक चरण में पात्र महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती थी, जो आगे 12,000 रुपये हुई। बाद में इस राशि को बढ़ाकर 1250 रुपये प्रतिमाह किया गया। अब वर्ष 2025 में इसे बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जिससे महिलाओं की मासिक आर्थिक सहायता और अधिक सुदृढ़ हुई है।

2025 में रक्षाबंधन और दिवाली पर मिला विशेष तोहफा

वर्ष 2025 में लाड़ली बहनों को सरकार की ओर से कई अवसरों पर विशेष सौगातें भी मिलीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को 250 रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की थी, जिसे बाद में लाभार्थियों के खातों में अंतरित भी किया गया। इसके बाद दिवाली के बाद मासिक सहायता राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये करने का निर्णय लिया गया, जिसने महिलाओं की खुशियों को दोगुना कर दिया।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह 2028 तक लाड़ली बहना योजना की मासिक सहायता राशि को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 3000 रुपये करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह घोषणा महिलाओं के भविष्य को लेकर सरकार की दीर्घकालिक सोच और संवेदनशीलता को दर्शाती है।

योजना में राशि बढ़ने पर बोली महिलाएं

ग्वालियर जिले के ग्राम धनेली की प्रीति मौर्य ने कहा कि लाड़ली बहना योजना हमारे लिए बड़ा सहारा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राशि बढ़ाकर इस सहारे को और मजबूत कर दिया है।

ग्राम भदरौली की मोनी ने कहा कि इस योजना से हमें केवल धनराशि ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास भी मिलता है, जिसे मुख्यमंत्री भैया ने और बढ़ा दिया है।

भोपाल की लाभार्थी पिंकी जैन ने कहा कि लाड़ली बहनों को योजना का लाभ मिलने से बहनें सशक्त हुई हैं। मैंने पापड़ बनाने के लिए मशीन लगाई है।

2025: महिलाओं के आत्मनिर्भर भविष्य की ओर मजबूत कदम

कुल मिलाकर, वर्ष 2025 मध्य प्रदेश की बेटियों और महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक वर्ष के रूप में याद किया जाएगा। लाड़ली बहना योजना के तहत बढ़ाई गई राशि ने यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को केवल नारा नहीं मानती है, वह ठोस नीति और क्रियान्वयन के रूप में आगे बढ़ा रही है। यह निर्णय सिर्फ आर्थिक मदद भर नहीं है, इससे महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत संदेश देने का भी प्रयास हुआ है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement