अमित शाह शुक्रवार को आतंकवाद निरोधी सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अमित शाह शुक्रवार को आतंकवाद निरोधी सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

Date : 25-Dec-2025

नई दिल्ली, 25 दिसंबर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को यहां दो दिवसीय ‘आतंकवाद निरोधी सम्मेलन’ का उद्घाटन करेंगे। यह वार्षिक सम्मेलन गृह मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

गृह मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ विजन के तहत आयोजित यह सम्मेलन उभरते आतंकी और राष्ट्रीय सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए भारत की अगली पीढ़ी की रणनीतियों पर विचार-विमर्श का एक प्रमुख मंच बन चुका है। सम्मेलन में ऑपरेशनल फोर्स, तकनीकी, कानूनी और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ-साथ आतंकवाद विरोधी गतिविधियों में संलग्न विभिन्न एजेंसियां भाग ले रही हैं।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ‘संपूर्ण सरकार दृष्टिकोण’ की भावना के अनुरूप आतंकवाद के खतरे के खिलाफ समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके तहत औपचारिक और अनौपचारिक माध्यमों से विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने और भविष्य की नीति निर्माण के लिए ठोस सुझाव प्रस्तुत करने पर जोर दिया जाएगा।

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान आतंकवाद विरोधी मुद्दों से निपटने में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अनुभवों, अच्छी प्रथाओं तथा आतंकी जांच से मिली सीख को साझा किया जाएगा। साथ ही विदेशी न्यायक्षेत्रों से साक्ष्य एकत्र करने, डिजिटल फोरेंसिक और डेटा विश्लेषण, प्रभावी अभियोजन प्रबंधन, कट्टरता से निपटने तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उभरते हाइब्रिड खतरों जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित होंगे।

इसके अलावा सम्मेलन में आतंकवाद वित्तपोषण नेटवर्क को बाधित करने के लिए टूल्स और तकनीकों, केस स्टडी, भविष्य की आतंकवाद विरोधी रणनीतियों के निर्माण तथा उभरते राष्ट्रीय सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए संस्थागत क्षमताओं के विकास पर भी विचार किया जाएगा।

सम्मेलन में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आतंकवाद विरोधी कार्यों से जुड़ी केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी तथा कानून, फोरेंसिक और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement