राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिसा के राइरंगपुर में इग्नू क्षेत्रीय एवं कौशल केंद्र का वर्चुअल उद्घाटन किया | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिसा के राइरंगपुर में इग्नू क्षेत्रीय एवं कौशल केंद्र का वर्चुअल उद्घाटन किया

Date : 01-Jan-2026

भुवनेश्वर, 01 जनवरी । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को ओडिशा के मयूरभंज जिले के राइरंगपुर में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय केंद्र एवं इग्नू कौशल केंद्र का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।

यह कार्यक्रम भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा “स्किलिंग फॉर एआई रेडीनेस” विशेष पहल के तहत आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि राइरंगपुर में इग्नू के इस नए केंद्र की स्थापना से रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार इग्नू के माध्यम से औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल शिक्षा प्रदान की जाएगी, जो एक बड़ा परिवर्तन साबित होगा।

धर्मेन्द्र प्रधान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक शिक्षिका के रूप में उन्होंने अपने जीवन में मूल्यों और गरिमा का परिचय दिया है। उनके मार्गदर्शन में स्थापित ये केंद्र समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विशेष रूप से लाभान्वित करेंगे।

उन्होंने कहा कि मयूरभंज के प्राकृतिक संसाधनों, वन संपदा और श्रम शक्ति के समुचित उपयोग के लिए स्थानीय जनजातीय एवं ग्रामीण समुदायों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी क्षमताओं में वृद्धि होगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि भारत वर्तमान में ‘एआई इम्पैक्ट’ सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। जिस समय दुनिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता को लेकर आशंकित है, उस समय भारत को इसे एक अवसर के रूप में अपनाना चाहिए। नई पीढ़ी को एआई आधारित शिक्षा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘एआई फॉर ऑल’ आने वाले समय में एक “गेम चेंजर” साबित होगा।

प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए नागरिकों की आर्थिक उत्पादकता बढ़ाने पर जोर देते हुए धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण हेतु देश की कार्यशक्ति भागीदारी को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत तक ले जाना होगा, जिसमें कौशल विकास की भूमिका अहम होगी।

इस अवसर पर धर्मेंद्र प्रधान ने मयूरभंज सहित पूरे ओडिशा के नागरिकों को बधाई दी और इस पहल में भागीदारी के लिए इग्नू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग के माध्यम से एक आत्मसम्मानी और समृद्ध ‘नए भारत’ के निर्माण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। वहीं, बारिपदा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ओडिशा सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक तथा केंद्र और राज्य सरकारों के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement