सिलीगुड़ी, 9 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़े शब्दों में हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली के कारण आज पूरे देश के सामने पश्चिम बंगाल की छवि हास्यास्पद बन चुकी है। देश देख रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने से आखिर वास्तविक लाभ क्या हो रहा है।
शुक्रवार को कोलकाता से सिलीगुड़ी पहुंचे शमिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान तृणमूल कांग्रेस घबरा गई है। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी तृणमूल कांग्रेस इस समय भय और आतंक में जी रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार के लिए संविधान का कोई महत्व नहीं रह गया है, जबकि भाजपा लोकतंत्र और जनतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है।
कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरना कार्यक्रम को लेकर शमिक भट्टाचार्य ने तंज कसते हुए कहा कि इस तरह का धरना कोई नई बात नहीं हैं। उन्होंने पहले भी धरना दिया है आगे भी देती रहेगी और धरना देते-देते ही राजनीतिक से विदा हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी इस समय “रैंप पर चल रही हैं” और उसी रैंप पर चलते-चलते वह अपनी “अंतिम यात्रा” की ओर बढ़ रही हैं।
शमिक भट्टाचार्य ने आगे कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को अपनाया था, लेकिन अब वही जनता उन्हें नकार रही है। आने वाले दिनों में राज्य की जनता पूरी तरह से मुख्यमंत्री से किनारा कर लेगी।
अभिषेक बनर्जी का नाम चार्जशीट में होने के बावजूद उन्हें तलब क्यों नहीं किया जा रहा, इस सवाल पर शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा ईडी और सीबीआई के भरोसे राजनीति नहीं कर रही है। भले ही ईडी-सीबीआई के दफ्तरों पर ताला लगा दिया जाए, लेकिन इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार तय है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर बंगाल की धरती पर तृणमूल कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाएगी। अभिषेक बनर्जी के ठाकुरबाड़ी जाने पर कटाक्ष करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि “जाने से पहले ही ठाकुरबाड़ी जाना पड़ता है।
