पूर्व सरपंच के निधन पर अस्पताल में हंगामा, गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पूर्व सरपंच के निधन पर अस्पताल में हंगामा, गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना

Date : 18-Feb-2026

 अजमेर, 18 फ़रवरी । जिले के डूमड़ा गांव में रास्ते पर अतिक्रमण का विरोध करने पर बोलेरो से कुचलकर घायल किए गए पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर का देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले छह दिनों से जेएलएन अस्पताल की आईसीयू में भर्ती थे। मौत की खबर मिलते ही गुर्जर समाज और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्र हो गए और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग ट्रॉमा वार्ड तक पहुंच गए और नारेबाजी की। हालांकि बाद में समझाइश के बाद वे बाहर आ गए। स्थिति को देखते हुए मांगलियावास थाना पुलिस सहित अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। ग्रामीण सीओ रामचंद्र चौधरी मौके पर मौजूद रहकर हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मांगलियावास थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी परमेश्वर पुत्र छगनलाल गुर्जर को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था और बोलेरो गाड़ी जब्त कर ली थी। अब गोविंदराम गुर्जर की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा भी अस्पताल पहुंचे और समाज के लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती, अपराधी सिर्फ अपराधी होता है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हालात बिगड़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि लापरवाही के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

गुर्जर समाज के नेताओं ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और मुआवजे की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर मुख्य सचिव और डीजीपी के घेराव की चेतावनी दी गई है।

जेएलएन अस्पताल के लेक्चर हॉल में समाज प्रतिनिधियों, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष और पुलिस अधिकारियों के बीच वार्ता जारी है। एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद हैं।

फिलहाल पुलिस प्रशासन स्थिति को संभालने और परिजनों से समझाइश के प्रयास में जुटा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement