केपी एसटीएफ ने किया अवैध हथियार फैक्ट्री का भांडाफोड़, पांच गिरफ्तार | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

केपी एसटीएफ ने किया अवैध हथियार फैक्ट्री का भांडाफोड़, पांच गिरफ्तार

Date : 18-Feb-2026

 कोलकाता, 18 फरवरी। कोलकाता पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बिहार पुलिस के सहयोग से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भांडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई मंगलवार शाम खुफिया सूचना के आधार पर की गई।

एसटीएफ के डीसी आईपीएस वी सोलेमन नेशाकुमार ने बुधवार को बताया कि कोलकाता पुलिस एसटीएफ द्वारा विकसित खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ कोलकाता, बिहार एसटीएफ और मधुसूदनपुर थाना, भागलपुर की संयुक्त टीम ने बिहार के भागलपुर जिले के रहमतबाग, कबरिपुर स्थित एक मकान पर छापा मारा। मकान के भूतल पर स्पिनिंग मिल की आड़ में पहली मंजिल पर अवैध तरीके से देशी आग्नेयास्त्र बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी।

छापेमारी के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक सह-मालिक और चार कुशल हथियार निर्माता शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोनाजिर (21 वर्ष) , शादाब अली उर्फ सद्दाम (32 वर्ष), असलम उर्फ टिंकू (41 वर्ष), समशेर आलम उर्फ छोटू (36 वर्ष) तथा शाहनवाज (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

छापे के दौरान मौके से 20 अर्धनिर्मित 7.65 मिमी के देशी पिस्तौल, आठ पिस्तौल बैरल, एक लेथ मशीन, दो मिलिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक ग्राइंडिंग पॉलिशिंग मशीन, एक हैंड ग्राइंडर सहित भारी मात्रा में उपकरण और कच्चा माल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह स्पिनिंग मिल की आड़ में अवैध हथियार निर्माण कर रहा था और तैयार हथियारों की आपूर्ति विभिन्न इलाकों में किए जाने की आशंका है। मामले में आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement