धर्मशाला, 18 फ़रवरी । सुलह विधान सभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने सदन में कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह द्वारा नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर के प्रति एक्सीडेंटल मुख्यमंत्री जैसे शब्दों का प्रयोग करने पर उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। विपिन सिंह परमार ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री को खुश करने के लिए तथा मंत्री पद को हथियाने के लिए कांग्रेस विधायक किस प्रकार के हथकंडों को अपना सकते हैं तथा सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का प्रयोग कर सकते हैं इसे साफ तौर पर देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में जो भी विधायक आए हैं वह लोगों के आशीर्वाद के द्वारा आए हैं, परंतु विधानसभा सत्र में आरडीजी (रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट) पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक सुन्दर सिंह ने प्रतिपक्ष नेता वह पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ जिन शब्दों का प्रयोग किया है उन शब्दों ने सदन की गरिमा का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक ने जो टिप्पणियां की उस समय नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सदन में मौजूद नहीं थे।
विपिन सिंह परमार ने कहा कि जयराम ठाकुर को सिराज की जनता ने 6 बार जितवाकर सदन में भेजा है और भाजपा पार्टी के निर्णय के बाद जयराम ठाकुर नेता बने और प्रदेश के मुख्यमंत्री चुने गए। कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ने जयराम ठाकुर के खिलाफ एक्सीडेंटल मुख्यमंत्री जैसे जिन शब्दों का प्रयोग किया है, उन्हें सदन से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि एक चुनाव हुआ प्रतिनिधि 6 बार चुने हुए प्रतिनिधि के खिलाफ इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग करता है, यह कतई उचित नहीं है।
परमार ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस सरकार कहती है कि विधायक संस्था मजबूत होनी चाहिए, ऐसी टिप्पणियां नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों का ये बोलना कि मिलकर दिल्ली चलते हैं, परन्तु क्या उनकी भावना मिलकर चलने की है। एक ओर कांग्रेस विधायक सदन से किसी को भी खुश करने के लिए किसी भी प्रकार के शब्दों का प्रयोग कर सकते हैं, ये आचरण ठीक नही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के जयराम ठाकुर के खिलाफ जिन शब्दों का प्रयोग किया गया है उन शब्दों को सदन से हटाया जाए क्योंकि यह असंसदीय है।
